नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ जागरूकता रथ रवाना, 26 जून तक जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान
By Team Lohardaga live

उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी, पंचायतों से लेकर नगर क्षेत्र तक एलईडी रथ करेंगे जनजागरण
लोहरदगा। निषिद्ध मादक पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ जनजागरूकता को व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से विशेष जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 15 जून से 26 जून तक विशेष नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान एलईडी प्रचार रथ जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं नगर क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व से अवगत कराएंगे। साथ ही प्रखंड कार्यालयों एवं पंचायत भवनों में नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि नशापान केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसकी वजह से व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजरता है तथा सामाजिक ताना-बाना भी कमजोर पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण तभी संभव है, जब युवा नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें।
अभियान के तहत एलईडी रथों के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेश, प्रचार सामग्री, जनसंवाद तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए लोगों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिम, सामाजिक दुष्प्रभाव तथा नशामुक्त जीवन के लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
