फसल बीमा योजना को लेकर जागरूकता रथ रवाना, डीसी ने किसानों से समय पर निबंधन कराने की अपील की
By Team orange hindi

बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ, 31 अगस्त तक करा सकेंगे निबंधन
लोहरदगा। खरीफ फसल को प्राकृतिक आपदाओं और मौसम संबंधी जोखिमों से होने वाले नुकसान से बचाने के उद्देश्य से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ को लेकर जिले में जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। बुधवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों की फसल को नुकसान होने की स्थिति में फसल बीमा योजना आर्थिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जिले के किसानों से धान और मक्का की फसल का बीमा निर्धारित समय सीमा के भीतर कराने की अपील की।
पंचायतों तक पहुंचेगा जागरूकता रथ
उपायुक्त ने बताया कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जाकर किसानों को योजना की जानकारी देगा। इस दौरान किसानों को बीमा कराने की प्रक्रिया, योजना के लाभ, प्रीमियम और फसल क्षति होने पर दावा करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
31 अगस्त तक करा लें निबंधन
प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे 31 अगस्त 2026 की अंतिम तिथि से पहले अपना फसल बीमा निबंधन करा लें। प्राकृतिक आपदा के कारण फसल को नुकसान होने की स्थिति में योजना के प्रावधानों के अनुसार बीमित किसानों को आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
एक रुपये की टोकन मनी पर निबंधन
बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसान एक रुपये की टोकन मनी देकर अपना निबंधन करा सकते हैं। इसके लिए पीएमएफबीवाई पोर्टल, प्रज्ञा केंद्र (सीएससी), संबंधित बैंक शाखा, क्रॉप इंश्योरेंस एप, सहकारी बैंक अथवा संबंधित बीमा कंपनी के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
निबंधन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
निबंधन के दौरान सामान्य तौर पर आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज एवं वंशावली, बटाईदार किसान होने की स्थिति में बटाई प्रमाण-पत्र, फसल बुवाई का स्व-प्रमाणित प्रमाण-पत्र और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।
हेल्पलाइन से भी मिलेगी जानकारी
योजना से जुड़ी जानकारी या किसी तरह की सहायता के लिए किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।
जागरूकता रथ रवाना करने के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि, जिला परिषद के प्रतिनिधि समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।