उर्स लाइन कॉन्वेंट विद्यालय में सड़क सुरक्षा और बाल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
By Team Lohardaga live

छात्राओं को यातायात नियमों के पालन का संदेश, बाल संरक्षण और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी गई जानकारी
लोहरदगा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को उर्स लाइन कॉन्वेंट विद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी, सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बाल संरक्षण को लेकर भी विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह, नाबालिग लड़कियों के साथ किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, शोषण या हिंसा की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा और बाल संरक्षण जैसे विषयों पर आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।