Orange hindi lohardaga live

सभी राशन कार्डधारकों का बनेगा आयुष्मान कार्ड : डॉ. ताराचंद

By Team Lohardaga live

Administrative
बैठक करते उपायुक्त व अन्य अधिकारी

खाद्यान्न वितरण में कटौती पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में सोमवार को आपूर्ति विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सभी राशन कार्डधारी परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए। उन्होंने कहा कि पीवीटीजी समूह के परिवारों का भी आयुष्मान कार्ड सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी लाभुकों को राशन कार्ड के अनुसार निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी लाभुक को कम राशन तौलने या वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो संबंधित जनवितरण प्रणाली दुकानदार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में धान अधिप्राप्ति के लिए लैम्प्स में मानक के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही चना दाल वितरण, राशन कार्ड के अनुसार खाद्यान्न वितरण, तथा धोती-लुंगी/साड़ी वितरण योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, सभी विपणन पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।