Orange hindi lohardaga live

झारखंड सरकार पर बाबूलाल मरांडी का तीखा हमला, लोहरदगा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाए कई गंभीर आरोप

By Team Lohardaga live

political
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी

लोहरदगा। झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री, वर्तमान नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को लोहरदगा परिषद भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने जनता के साथ सिर्फ धोखा किया है। चुनाव के समय किए गए वादे ठंडे बस्ते में पड़े हैं और अबुआ सरकार का दावा दरअसल ठगुआ सरकार साबित हुआ है।

मरांडी ने कहा कि सरकार के सात बड़े चुनावी वादे पूरी तरह फेल हो गए हैं। स्थानीय नीति पर सरकार बयान तक नहीं देना चाहती। मैया योजना जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रही है। वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लोग उपेक्षित हैं। युवाओं को छात्रवृत्ति नहीं मिल रही, पलायन बढ़ रहा और आउटसोर्सिंग कंपनियां नौकरी के नाम पर ठगी कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छह वर्षों में सरकार एक भी बड़ी सरकारी भर्ती पूरी नहीं कर पाई। जो नियुक्तियां बांट कर वाहवाही लूटी जा रही है, वे भाजपा शासनकाल की प्रक्रियाएं हैं।

खाद्यान्न वितरण प्रणाली पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हालात बेहद खराब हैं। वादे से कम अनाज दिया जा रहा है और वितरकों को पूरा लाभांश नहीं मिलने से कटौती को बढ़ावा मिल रहा है। सस्ती गैस योजना भी अधूरी रह गई।

किसानों की समस्या पर मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार के पास धान खरीद को लेकर स्पष्ट नीति नहीं है। बिचौलियों को खुली छूट दी गई है। लोहरदगा के किसानों को मार्च में हुए ओलावृष्टि का मुआवजा आज तक नहीं मिला, जो अत्यंत दुखद है।

लोहरदगा ब्लड बैंक में ब्लड की अनुपलब्धता पर उन्होंने कहा कि महज कर्मचारियों को निलंबित कर सरकार अपनी नाकामी नहीं छुपा सकती। चाईबासा घटना का ज़िक्र करते हुए उन्होंने मांग की कि संबंधित मंत्री को तुरंत पद से हटाकर पीड़ित बच्चों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य के लगभग हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। शराब घोटाले का मामला पड़ोसी राज्य से सीबीआई तक पहुंचा तो इसके तार झारखंड से भी जुड़े। अधिकारी को पहले जेल भेजना, फिर 90 दिनों तक चार्जशीट न दाखिल कर रिहा कराना और सौ करोड़ से अधिक के लेन-देन के आरोप, सरकार के चरित्र को उजागर करते हैं।

डीएमएफटी फंड में बड़े पैमाने पर घोटालों का आरोप लगाते हुए मरांडी ने कहा कि सरकार के प्रतिनिधि पिछड़े इलाकों के विकास छोड़ अपनी सुविधाओं को बढ़ाने में लगे हैं।

एसआईआर लागू करने की जरूरत पर उन्होंने कहा कि यह वोटर सूची के शुद्धिकरण के लिए आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की डेमोग्राफी तेजी से बदली है, आदिवासियों की संख्या कम हो रही है और घुसपैठ के कारण मुस्लिम आबादी में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

भाजपा संगठन चुनाव पर उन्होंने कहा कि इसी महीने प्रदेश को नया अध्यक्ष मिलेगा और सभी समितियों का गठन भी होगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह, जिला अध्यक्ष मनीर उरांव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश सिंह, जिला महामंत्री पशुपति नाथ पारस सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। परिषदन में अनिल उरांव, जगनंदन पौराणिक, मिथुन तमेड़ा, राजकुमार वर्मा, पवन तिग्गा, बाल्मीकि कुमार और मंगल गोप भी उपस्थित रहे।