बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 9 से, हरभजन और सहवाग होंगे शामिल
By Team Lohardaga live

झारखंड सरकार के मंत्रियों को दिया गया आमंत्रण, सभी ने भाग लेने की दी सहमति
लोहरदगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद तथा लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने 9 से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाले बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर झारखंड सरकार के कई मंत्रियों से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
इस क्रम में उन्होंने नगर विकास एवं आवास तथा पर्यटन, कला, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और ग्रामीण विकास विभाग की मंत्री दीपिका पांडये सिंह से भेंट कर टूर्नामेंट की विस्तृत जानकारी दी। सभी मंत्रियों ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए टूर्नामेंट में शामिल होने की सहमति जताई।
क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन 9 फरवरी को किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के अवसर पर लोहरदगा वासियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें रशियन बैंड की आकर्षक प्रस्तुति, लेजर लाइट शो, भव्य आतिशबाजी और स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जिले के लोगों के लिए एक नया और यादगार अनुभव साबित होगा।
उन्होंने बताया कि 10 फरवरी से क्रिकेट मैचों की शुरुआत होगी। इस दौरान मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं टूर्नामेंट का भव्य समापन 13 फरवरी को किया जाएगा, जिसमें भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग की विशेष उपस्थिति रहेगी। समापन समारोह के दौरान दर्शकों के लिए 5-5 ओवर का रोमांचक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आमंत्रण के लिए धीरज प्रसाद साहू का आभार जताते हुए कहा कि वे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अवश्य शामिल होंगे। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि धीरज प्रसाद साहू के आमंत्रण पर वे निश्चित रूप से आएंगे और इस तरह के आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडये सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर अधिवक्ता सच्चिदानंद चौधरी भी उपस्थित थे। बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और खेल प्रेमी इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
