Orange hindi lohardaga live

9 से 13 फरवरी तक सजेगा बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट

By Team Lohardaga live

Sport
बीएस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम

रशियन बैंड, लेजर शो, आतिशबाज़ी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजेगा स्टेडियम

बीएस कॉलेज में स्थित पेवेलियन

लोहरदगा। बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 9 से 13 फरवरी तक भव्य रूप में किया जा रहा है। इस अवसर पर खेल के साथ-साथ मनोरंजन और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट के दौरान रशियन बैंड की भव्य प्रस्तुति, आकर्षक लेजर लाइट शो, ज़बरदस्त आतिशबाज़ी और स्थानीय कलाकारों द्वारा मंत्रमुग्ध कर देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग की विशेष उपस्थिति रहेगी। इन हस्तियों की मौजूदगी से दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

दुल्हन की तरह सज रहा बलदेव साहू स्टेडियम

टूर्नामेंट को लेकर बलदेव साहू स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। स्टेडियम में देश और राज्य के नामचीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के नाम पर स्टैंड बनाए गए हैं। इनमें सुनील मनोहर गावस्कर, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, एम.एस. धोनी, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, वरुण एरोन, ईशान किशन, सुरेश रैना, सौरभ तिवारी, शाहबाज नदीम, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम शामिल हैं।

इसके साथ ही बलदेव साहू, शिव प्रसाद साहू और अमिताभ चौधरी की स्मृति में पवेलियन का निर्माण किया गया है।

क्रिकेट की यादें और पर्यटन स्थलों की झलक

स्टेडियम परिसर में लोहरदगा क्रिकेट से जुड़ी कई पुरानी यादगार तस्वीरें लगाई गई हैं। साथ ही जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की तस्वीरें भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बन रही हैं, जिससे खेल के साथ स्थानीय पहचान को भी बढ़ावा मिल रहा है।

तोरण द्वार, झंडे और रोशनी से सजा परिसर

शिव प्रसाद साहू, नंदलाल प्रसाद साहू और किशोर प्रसाद साहू के नाम से भव्य तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। पूरे स्टेडियम को विभिन्न रंगों के झंडों से पाट दिया गया है। छोटे-छोटे बिजली के बल्बों से रोशनी की आकर्षक सजावट की गई है और जगह-जगह कार्यक्रम के होर्डिंग लगाए गए हैं।

टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन बिशनपुर, बनारी, चंदवा, बीजूपाड़ा, मांडर, भरनो, घाघरा, लातेहार, टोटो सहित लोहरदगा के सभी प्रखंडों और दूर-दराज़ गांवों तक पहुंच रहे हैं।

प्रचार-प्रसार और सजावट की ज़िम्मेदारी संजय बर्म्मन, दिनेश अग्रवाल, पंकज जायसवाल, कंवलजीत सिंह और कोविश जायसवाल संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सजावट को अंतिम रूप दिया जा रहा है और टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम का दृश्य अद्भुत और अविस्मरणीय होगा।