बैंक ऑफ इंडिया ने मनाया किसान दिवस, 241 किसानों को 1.81 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित
By Team Lohardaga live

किसानों को आधुनिक खेती, वित्तीय साक्षरता और स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी

लोहरदगा। बैंक ऑफ इंडिया, रांची अंचल की ओर से होटल अमृत पैलेस, लोहरदगा में किसान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सम्मानित करने के साथ-साथ कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के लिए उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देना तथा वित्तीय समावेशन के माध्यम से कृषि विकास को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैंक ऑफ इंडिया, रांची अंचल के उप आंचलिक प्रबंधक असीम कुमार थे। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी कैलिन खलखो, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) दिवाकर सिन्हा, बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) लोहरदगा के निदेशक सुरेश भगत तथा जिले की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि असीम कुमार ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और बैंक ऑफ इंडिया उनकी आर्थिक उन्नति के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), कृषि ऋण, डेयरी, पशुपालन, बागवानी समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार सहयोग कर रहा है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिला कृषि पदाधिकारी कैलिन खलखो ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक कृषि, फसल विविधीकरण और सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी। वहीं अग्रणी जिला प्रबंधक दिवाकर सिन्हा ने समय पर ऋण भुगतान, वित्तीय साक्षरता और बैंकिंग सेवाओं के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।
आरसेटी के निदेशक सुरेश भगत ने कृषि आधारित स्वरोजगार और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए किसानों एवं ग्रामीण युवाओं को कृषि उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा उनकी जरूरतों के अनुरूप बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
समारोह के दौरान आरसेटी के प्रशिक्षित अभ्यर्थियों सहित कुल 241 किसानों के बीच 1 करोड़ 81 लाख रुपये का कृषि ऋण वितरित किया गया। ऋण प्राप्त करने वाले किसानों ने बैंक ऑफ इंडिया के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे कृषि विकास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया ने किसानों के समग्र विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
