छात्रों को शिक्षा ऋण दें बैंक : उपायुक्त डॉ. ताराचंद
By Team Lohardaga live

जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक में दिए कई अहम निर्देश
लोहरदगा। जिले के उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं तक शिक्षा ऋण की जानकारी पहुंचाने के लिए फाइनेंशियल लिटरेसी कैंप आयोजित करें, ताकि वे प्रक्रिया के अभाव में ऋण से वंचित न रहें।
केसीसी की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने किसानों को अधिक से अधिक केसीसी उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र में कार्य करने के इच्छुक लोगों को एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में डीपीएम, जेएसएलपीएस को हड़िया बेचने वाली महिलाओं को चिन्हित कर फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान के तहत वित्तीय सहायता देने का निर्देश दिया गया। वहीं आरसेटी को हेवी मोटर वाहन चालन का प्रशिक्षण शुरू करने और प्रशिक्षित युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में विभिन्न ऋण योजनाओं, बीमा योजनाओं, एमएसएमई, एसएचजी लिंकेज समेत अन्य सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं आरबीआई के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
