गाड़ी की चिंगारी से धू-धूकर जला खलिहान
By Teem Lohardaga live

डांड़टोली में कार की साइलेंसर चिंगारी से लगी आग, लाखों का धान राख
लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र स्थित डांड़टोली गांव में रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे कार से निकली चिंगारी ने किसानों का खलिहान राख कर दिया। हादसे में वह कार भी जलकर खाक हो गई, जिससे चिंगारी निकली थी।
दीपक प्रकाश तिग्गा की कार खलिहान के पास खड़ी थी। चालक ने बैक करने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी पुआल में फंस गई। वाहन को बाहर निकालने के प्रयास में ड्राइवर ने गियर डाउन कर इंजन पर जोर डाला, जिससे साइलेंसर से चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते पुआल और पास रखे धान के गांजे आग की चपेट में आ गए।
किसान अजीत महतो, विनोद महतो, उमेश महतो, अभय महतो और रामजु उरांव का लगभग चार लाख रुपये मूल्य का धान जल गया। आग भड़कते ही ग्रामीणों ने मौके से कार चालक को बाहर निकाला। जिसके बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही थी। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर मदद न मिलने पर आसपास के घर भी आग की चपेट में आ सकते थे।
प्रभावित किसानों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
