राजेन्द्र भवन में बॉक्साइट-कोयला श्रमिक यूनियन की बैठक, माइंस की समस्याओं पर मंथन
By Team orangehindi

श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों को लेकर संगठन को हर माइंस में मजबूत करने पर जोर
लोहरदगा। छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन की कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को राजेन्द्र भवन में अध्यक्ष निशिथ जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले की विभिन्न माइंस से पहुंचे पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने श्रमिकों की समस्याओं, रोजगार, सुरक्षा, अधिकार एवं कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक से पहले यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष निशिथ जायसवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद विभिन्न माइंस के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में श्रमिकों को हो रही समस्याओं की जानकारी अध्यक्ष के समक्ष रखी।
निशिथ जायसवाल ने कहा कि श्रमिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके अधिकार, सम्मान, रोजगार, सुरक्षा और कल्याण के लिए यूनियन लगातार काम करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को प्रत्येक माइंस में सक्रिय और मजबूत बनाना प्राथमिकता है, ताकि श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से संबंधित स्तर तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने यूनियन की स्थापना और श्रमिक हितों के लिए स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी संघर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने महासचिव धीरज प्रसाद साहू के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए पदाधिकारियों से श्रमिकों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में सदस्यता विस्तार, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष सोहराब अंसारी, उपाध्यक्ष एकरामुल अंसारी, नागेंद्र सिंह, बुधवा उरांव, एस. तिवारी, अनिल उरांव, शिवा उरांव, करवा उरांव, अनवर अंसारी, ऐनुल अंसारी, निश्चय वर्मा सहित विभिन्न माइंस के पदाधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद थे।