कचहरी मोड़ पर बिजली पोल से टकराया बॉक्साइट ट्रक, पोल टूटकर वाहन में फंसा
By Team orangehindi

पावरगंज के पास जाम में रुका ट्रक, बड़ा हादसा टला; मौके पर पहुंची पुलिस
लोहरदगा। शहर के कचहरी मोड़ के समीप मंगलवार को एक बॉक्साइट लदे ट्रक ने बिजली के पोल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर ट्रक में ही फंस गया। इसके बाद ट्रक चालक वाहन लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करता रहा।
बताया जा रहा है कि ट्रक पावरगंज की ओर बढ़ रहा था, लेकिन वहां सड़क पर जाम होने के कारण उसे रोकना पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोगों का कहना है कि जिस तरह बिजली का पोल टूटकर ट्रक में फंस गया था, उससे बड़ी घटना की आशंका बनी हुई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, टूटे बिजली पोल और सड़क पर मौजूद विद्युत तारों के कारण कुछ समय के लिए इलाके में खतरे की स्थिति भी बनी रही।
स्थानीय लोगों ने शहर की व्यस्त सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं की जाती तो राहगीरों और आसपास के लोगों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।