Orange hindi lohardaga live

विकास योजनाओं की प्रगति पर बीडीओ सख्त, भंडरा में समीक्षा बैठक कर दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

By Team Lohardaga live

Administrative
विकास योजनाओं की प्रगति पर बीडीओ सख्त, भंडरा में समीक्षा बैठक कर दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

आवास, मनरेगा, जॉब कार्ड सत्यापन और 15वें वित्त आयोग की योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर जताई नाराजगी

भंडरा (लोहरदगा)। प्रखंड क्षेत्र में संचालित केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर मंगलवार को भंडरा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी ने की। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, मनरेगा, जॉब कार्ड सत्यापन तथा 15वें वित्त आयोग की राशि से संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बीडीओ ने आवास सहायकों और पंचायत सचिवों से लंबित आवासों की अद्यतन सूची मांगी तथा पात्र लाभुकों को शीघ्र प्रथम एवं द्वितीय किस्त उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवास निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।

मनरेगा योजनाओं की प्रगति, मजदूरी भुगतान और जॉब कार्ड सत्यापन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। बीडीओ ने रोजगार सेवकों को निर्देश दिया कि जॉब कार्ड में फर्जी नाम, डुप्लीकेट प्रविष्टियों तथा अन्य त्रुटियों का तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए, जिससे योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक पहुंच सके।

प्रतिमा कुमारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिले। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंचायत सचिवों, जनसेवकों और संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक प्रगति का निरीक्षण करने तथा कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक पंचायत में योजनाओं से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएं और लाभुकों से प्राप्त शिकायतों का सात दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बीपीओ अभिषेक किशोर, आवास समन्वयक एलेक्स कुजूर, पंचायत सचिव माहीपाल भगत, आशीष उरांव, आलोक लकड़ा, अभिजीत भगत, अजय भगत, रेखा उरांव सहित प्रखंड के सभी जनसेवक, रोजगार सेवक एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

और पढ़ें