Orange hindi lohardaga live

कम पूंजी में फास्ट फूड स्टॉल शुरू कर बनें स्वरोजगार से आत्मनिर्भर

By Team orangehindi

General
कम पूंजी में फास्ट फूड स्टॉल शुरू कर बनें स्वरोजगार से आत्मनिर्भर

आरसेटी लोहरदगा में 12 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षणार्थियों को दिए गए प्रमाण-पत्र

लोहरदगा। बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), लोहरदगा में आयोजित 12 दिवसीय लघु उद्यमी फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एलडीएम लोहरदगा दिवाकर सिन्हा मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक नीलांद्री विशाल ने प्रतिभागियों को फास्ट फूड स्टॉल शुरू करने और संचालित करने से जुड़ी तकनीकी व व्यावहारिक जानकारी दी। प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड एवं स्नैक्स तैयार करने के साथ खाद्य सामग्री के चयन, सुरक्षित रख-रखाव, स्वच्छता, गुणवत्ता, लागत एवं मूल्य निर्धारण, ग्राहक सेवा और व्यवसाय प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में एलडीएम दिवाकर सिन्हा ने कहा कि स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त कौशल का उपयोग कर अपना व्यवसाय शुरू करने का आह्वान किया।

आरसेटी निदेशक सुरेश भगत ने कहा कि फास्ट फूड स्टॉल कम पूंजी में शुरू किया जा सकने वाला स्वरोजगार का एक विकल्प है। उन्होंने व्यवसाय में खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और ग्राहक संतुष्टि को प्राथमिकता देने की सलाह दी। प्रशिक्षण के दौरान बाजार की मांग, बिक्री, लागत, लाभ-हानि और छोटे उद्यम के संचालन से संबंधित जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों ने आरसेटी के प्रति आभार जताया।

और पढ़ें