मतदाता होने के नाते मताधिकार का प्रयोग करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य : उपायुक्त
By Team Lohardaga live

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नए समाहरणालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित
लोहरदगा। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मंगलवार को नए समाहरणालय परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त डॉ. ताराचंद एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सरकार का गठन मताधिकार के माध्यम से होता है। जनता ही अपने मत से प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय करती है। चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है, इसलिए जिन नागरिकों को मतदान का अधिकार प्राप्त है, उन्हें आगामी चुनाव में अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ही नीति निर्धारण करती है, ऐसे में अपनी सरकार चुनने के अवसर को नहीं गंवाना चाहिए। एक-एक वोट महत्वपूर्ण होता है और बड़ा अंतर पैदा कर सकता है। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार सभी धर्म, जाति और वर्ग के नागरिकों को समान रूप से प्राप्त है।
18 वर्ष पूर्ण करने वाले मतदाता पहचान पत्र अवश्य बनवाएं
उपायुक्त ने कहा कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और अब तक उनका मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है, वे शीघ्र आवेदन करें। इसके लिए मोबाइल एप, ऑनलाइन पोर्टल अथवा संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मतदाता संबंधी किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची की मैपिंग का कार्य जारी है, जिसमें आम नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।
कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष पूर्ण कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वाले नए मतदाताओं, 80 वर्ष से अधिक आयु के नियमित मतदान करने वाले वरिष्ठ मतदाताओं तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीओ अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
