Orange hindi lohardaga live

स्वस्थ पुलिस बल से ही बेहतर कानून व्यवस्था संभव: एसपी

By Team Lohardaga live

Administrative
जांच करवाते एसपी सादिक अनवर रिजवी

पुलिस लाइन में विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

लोहरदगा: पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए सोमवार को पुलिस लाइन बक्सीडिपा में एक दिवसीय निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर से पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने स्वास्थ्य जांच कराई।

स्वास्थ्य शिविर में पारस एचईसी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रमार शिव कृष्ण एवं उनकी टीम ने पुलिसकर्मियों की जांच की। कैंप में आए जवानों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुनते हुए डॉक्टरों ने आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की गई।

शिविर के सफल संचालन में नर्सिंग स्टाफ के नन्दन और नीलम ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं पारस हॉस्पिटल की सेल्स एवं मार्केटिंग टीम से तुषार संकर तथा जीडी स्टाफ दीपक कुमार ने भी पूरे कैंप के संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस चिकित्सा शिविर में जिले के विभिन्न थानों और कार्यालयों से पहुंचे करीब 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य जांच कराई। सभी को मुफ्त चिकित्सीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात तनावपूर्ण माहौल और कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं, जिसके कारण वे अक्सर अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। उन्होंने कहा कि जवानों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि पुलिस बल शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह फिट रह सके।

चिकित्सा शिविर के दौरान मेजर शेरू कुमार रंजन, लोहरदगा सदर थाना प्रभारी पुनि रत्नेश मोहन ठाकुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। सभी ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए पारस हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।