भंडरा की दो बेटियों ने एक साथ बढ़ाया मान, बड़ी बहन खुशी डॉक्टर बनने की राह पर तो छोटी मिल्की का बिट्स में चयन
By Team orangehindi

एक ही परिवार की दो बहनों ने अलग-अलग क्षेत्रों में हासिल की बड़ी सफलता, मुकेश गुप्ता के घर में जश्न का माहौल
भंडरा (लोहरदगा)। मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के दम पर भंडरा की दो बेटियों ने सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जिसने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है। प्रखंड के बस्ती निवासी मुकेश गुप्ता की बड़ी बेटी खुशी कुमारी गुप्ता ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज में नामांकन प्राप्त किया है। वहीं, छोटी बेटी मिल्की कुमारी का चयन बिट्स में हुआ है। एक ही परिवार की दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से घर-परिवार के साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
खुशी ने अपनी सफलता से साबित किया है कि निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा के बाद सेन्हा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद पुणे में रहकर नीट की तैयारी की और पहले ही प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल कॉलेज में दाखिला पाने में सफलता हासिल की। अब खुशी डॉक्टर बनने की दिशा में अपने सपनों को साकार करने की ओर अग्रसर हैं।
छोटी बहन मिल्की ने भी दिखाई प्रतिभा
बड़ी बहन खुशी की सफलता के बीच छोटी बहन मिल्की कुमारी ने भी अपनी उपलब्धि से परिवार का गौरव बढ़ाया है। इसी वर्ष बिट्स में चयन हासिल कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया। दोनों बहनों की अलग-अलग क्षेत्रों में मिली सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
दोनों बेटियों की उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामीणों और शिक्षकों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि दोनों बहनें भविष्य में अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी।