Orange hindi lohardaga live

भारत स्काउट-गाइड: अनुशासन और प्रतिभा निखारने का माध्यम – डीसी

By Team Lohardaga live

Administrative
स्काउट एंड गाइड की छात्राएं उपायुक्त से अपने अनुभव साझा करते
एसपी से अनुभव साझा करते स्काउट एंड गाइड की छात्राएं

लोहरदगा। लखनऊ में आयोजित जम्बूरी में शामिल होने के बाद भारत स्काउट और गाइड के छात्र-छात्रियों ने शनिवार को लोहरदगा डीसी डॉ. ताराचंद, एसपी सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, डीईओ दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर और डीएसई अभिजीत कुमार से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।

स्काउट अश्विन मिंज ने बताया कि भारत के अलावा सात अन्य देशों के स्काउट और गाइड इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उनके सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पायनियरिंग प्रोजेक्ट और कार्यशैली को जानने-समझने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि जम्बूरी एक विशाल मंच था, जहां एक साथ अनेक गतिविधियां चल रही थीं।

गाइड काजल लकड़ा, सोनल लकड़ा और साक्षी टोप्पो ने बताया कि लोहरदगा जिले से 47 सदस्य तथा पूरे झारखंड से 826 छात्र-छात्रियों ने भाग लिया। सभी राज्यों से आए प्रतिभागियों ने फूड प्लाजा, ट्रैकिंग, एआई गेम, निशानेबाजी सहित कई रोमांचक गतिविधियों में सहभागिता की। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।

डीसी डॉ. ताराचंद ने कहा कि भारत स्काउट और गाइड अनुशासन के साथ-साथ बच्चों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को नियमित शिक्षा के साथ इन गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का मंच मिल सके। उन्होंने स्काउट-गाइड प्रमाणपत्र के बढ़ते महत्व पर भी प्रकाश डाला और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने जम्बूरी के अनुभवों को विस्तार से जाना और कहा कि यह उम्र सीखने और आगे बढ़ने का सबसे अच्छा समय है। जितनी अधिक प्रतिभा निखरेगी, उतने अधिक अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने स्काउट-गाइड के कार्यों के बारे में भी जानकारी ली।

जिला संगठन आयुक्त ने बताया कि लोहरदगा जिले के बच्चे लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आ रहे हैं। लखनऊ जम्बूरी में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रतिभागियों को संबोधित कर शुभकामनाएं दीं। बच्चों के लिए साढ़े तीन एकड़ में टेंट सिटी बनाई गई थी, जहां विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों और एरीना में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बैंड, मार्च पास्ट, टेंट पिचिंग जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जिला संगठन आयुक्त गौतम लेनिन ने डीसी डॉ. ताराचंद और एसपी सादिक अनवर रिजवी को स्कार्फ और बेज प्रदान किया। मौके पर गाइडर संध्या कुजूर और सरोज तिर्की भी उपस्थित थीं।