Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ चार अपराधी गिरफ्तार, चोरी का सामान भी बरामद

By Team Lohardaga live

Crime
प्रेस वार्ता करते एसपी व अन्य

लोहरदगा। भण्डरा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन देशी कट्टा, तीन जिंदा गोली, चार मोबाइल फोन तथा चोरी के चांदी जैसे गहने बरामद किए गए हैं।

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले का खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात्रि में उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि चट्टी चौक के पास चट्टी से नरकोपी जाने वाले मोड़ के पास बने शेड में कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक समीर कुमार तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चार अपराधियों को पकड़ लिया, जबकि एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अनिल उरांव, अजय उरांव, पंचम उरांव और बसंत उरांव उर्फ प्रिंस उरांव नरकोपी थाना, रांची के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान अनिल उरांव के पास से सिल्वर रंग का देशी कट्टा और दो जिंदा गोली, अजय उरांव के पास से जंग लगा देशी कट्टा तथा पंचम उरांव के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई। पूछताछ में तीनों ने पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहने की बात स्वीकार की। इनके खिलाफ भण्डरा थाना कांड संख्या 76/25, दिनांक 18.10.25, धारा 25 (1-B)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पूछताछ के क्रम में अपराधियों ने यह भी स्वीकार किया कि 12/13 अक्टूबर की मध्यरात्रि में कोटा गांव निवासी दशरथ उरांव के घर में चोरी की घटना इन्हीं के द्वारा की गई थी। स्वीकारोक्ति के आधार पर चोरी के चांदी जैसे जेवरात जिसमें बाला, पायल, बाली, अंगूठी, बिछिया, झुमका और बच्चों की पायल आदि बरामद किए गए हैं। इस संबंध में भण्डरा थाना कांड संख्या 75/25, दिनांक 13.10.25, धारा 331(4)/305(a) भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से जुड़े अन्य साथियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस हर आपराधिक गतिविधि पर सख्त निगरानी रखे हुए है।

छापामारी दल में थाना प्रभारी रविरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामदेव कुमार राय, संजय कुमार दास, नरेंद्र कुमार पांडेय, संतोष कुमार राय, तकनीकी शाखा के नीरज कुमार मिश्र, तथा अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।