Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुडू में अवैध शराब के साथ जनरल स्टोर संचालक गिरफ्तार

By Team Lohardaga live

Crime
आरोपी को प्रस्तुत करते थाना प्रभारी

लोहरदगा। जिला पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुडू थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद करते हुए जनरल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक लोहरदगा को सूचना मिली थी कि कुडू थाना क्षेत्र के लावागाई बड़काटोली स्थित सचीन जनरल स्टोर में दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी के दौरान सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिन्हा एवं सशस्त्र बल की टीम ने सचीन जनरल स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान में रखे फ्रिज के अंदर से विभिन्न ब्रांड की कुल 45 बोतलें एवं केन अवैध शराब बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से किंगफिशर, गॉडफादर, रॉयल चैलेंज, 8 पीएम, मैकडॉवेल्स, ब्लेंडर्स प्राइड, ओल्ड मंक और बकार्डी जैसे नामी ब्रांड की छोटी-बड़ी बोतलें और बीयर केन जब्त किए हैं।

अवैध शराब बिक्री के आरोप में दुकान संचालक अजीत भगत, पिता श्यामदेव भगत को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। कुडू थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 16/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5), 292 एवं झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।

इस सफल कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिन्हा के साथ कुडू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।