Orange hindi lohardaga live

गुमला के पहाड़ी क्षेत्रों को सड़क संपर्क की बड़ी सौगात, सांसद सुखदेव भगत की अनुशंसा पर 9 सड़कों को मिली स्वीकृति

By Team Lohardaga live

political
सांसद सुखदेव भगत

लोहरदगा। लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत के प्रयासों से गुमला जिले के सुदूर पहाड़ी एवं लंबे समय से उपेक्षित क्षेत्रों को सड़क संपर्क की बड़ी सौगात मिली है। सांसद की अनुशंसा पर केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएम जनमन) के तहत जिले की नौ महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। करीब 34 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण से बिशुनपुर, चैनपुर और डुमरी प्रखंड के हजारों ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार से जुड़ने के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

स्वीकृत सड़कों में बिशुनपुर प्रखंड के हेलता से बालतूपाठ, टुटुवा-कुजाम रोड से रमझरिया तथा कुजाम से चोटोंग पाठ तक सड़क निर्माण शामिल है। वहीं चैनपुर प्रखंड में गुंगरू से चकडीपा पाठ, लुपुंग से बीजा पाठ तथा चमनरवा-गुरदारी रोड से बागलता होते हुए कोरकोट पाठ तक सड़क बनाई जाएगी। डुमरी प्रखंड में कंदा पाठ से दुरूलसरना, कंदा पाठ से टोपे टोली तथा दीना महुआ टोली से वेलटोली तक सड़क निर्माण को भी स्वीकृति मिली है।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि ये केवल सड़कें नहीं, बल्कि पहाड़ों में रहने वाले आदिवासी भाई-बहनों के लिए विकास की नई राह हैं। वर्षों से इन क्षेत्रों के लोग सड़क सुविधा के अभाव में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे और बरसात के दिनों में कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह टूट जाता था। सड़क निर्माण से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं तक पहुंच आसान होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सभी स्वीकृत सड़कों का जल्द ही विधिवत शिलान्यास किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके और पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो।