लोहरदगा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 117 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, कीमत करीब 50 लाख रुपए
By Team Lohardaga live

कुडू थाना पुलिस ने एक ट्रक से 117 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करने में सफलता पाई है जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपए तक बताया जा रहा है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता आयोजित कर अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि कुडू थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक ट्रक संख्या बीआर-01जीसी-7659 से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जांच के दौरान ट्रक से सीग्राम्स इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की 282 बोतलें जब्त की गईं। सभी बोतलों पर मध्य प्रदेश में बिक्री हेतु लिखा पाया गया, जिससे स्पष्ट है कि शराब को दूसरे राज्यों में तस्करी के उद्देश्य से लाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक राजेश कुमार पिता स्व. रामस्वरूप प्रसाद, निवासी बरवाडीह, निवासी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में धारा 273, 292, 317(5) और 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि लोहरदगा पुलिस लगातार अवैध शराब तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है। कुडू थाना पुलिस की तत्परता से यह बड़ी सफलता मिली है। शराब की इतनी बड़ी खेप की बरामदगी से यह स्पष्ट होता है कि तस्कर दूसरे राज्यों से शराब लाकर झारखंड में अवैध व्यापार फैलाने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
