Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता, थार वाहन से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

By Team Lohardaga live

Crime
आरोपियों को प्रस्तुत करते थाना प्रभारी व अन्य

दो युवक गिरफ्तार, वाहन और मोबाइल फोन जब्त

लोहरदगा। सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक महिन्द्रा थार वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में लोहरदगा थाना कांड संख्या 80/26 दिनांक 18 मई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक लोहरदगा को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-लोहरदगा रोड के रास्ते अवैध ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में पुलिस पदाधिकारियों के साथ लोहरदगा अंचलाधिकारी एवं सशस्त्र बल को शामिल किया गया।

वाहन जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी

गठित टीम द्वारा कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक काले रंग की महिन्द्रा थार वाहन संख्या Jharkhand 01 EF 0040 को रोककर जांच की गई। वाहन में दो युवक सवार थे। पूछताछ में वाहन चला रहे युवक ने अपना नाम साजन नायक, उम्र 26 वर्ष, निवासी अंबेडकर नगर, लोहरदगा तथा दूसरे युवक ने अपना नाम राजन कुमार महतो, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम ईंटा, लोहरदगा बताया।

सीट के नीचे छिपाकर रखी गई थी ब्राउन शुगर

अंचलाधिकारी की उपस्थिति में वाहन एवं दोनों युवकों की विधिवत तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन की चालक सीट के नीचे बिछे काले रंग के मैट के नीचे सफेद कागज में लपेटकर छिपाई गई ब्राउन शुगर बरामद की गई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 10 ग्राम पाया गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से काले रंग की महिन्द्रा थार, करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर एवं दो मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में साजन नायक एवं राजन कुमार महतो शामिल हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 21(b), 22(b) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।