शुभम साहू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, 36 घंटे के भीतर दो संदिग्ध हिरासत में
By Team Lohardaga live
एसआईटी की त्वरित कार्रवाई, हथियार बरामद होने की चर्चा; पुलिस के आधिकारिक खुलासे का इंतजार
लोहरदगा। पतराटोली स्थित प्रिया स्टोर के संचालक युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या के मामले में लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के लगभग 36 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
जानकारी के अनुसार, अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में लूट के प्रयास, पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप पर कथित लूट की कोशिश और उसके बाद शुभम साहू की हत्या की घटनाओं की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया था। टीम ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए कई लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। मामले में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों संदिग्धों का संबंध गुमला जिले और लोहरदगा क्षेत्र से बताया जा रहा है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों सहित पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। मामले में आपसी विवाद सहित विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गौरतलब है कि शुभम साहू हत्याकांड के विरोध में शनिवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर लोहरदगा बंद का आयोजन किया गया था, जिसे विभिन्न व्यापारी एवं सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला था।
अब पूरे मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रेस वार्ता और विस्तृत खुलासे का इंतजार किया जा रहा है।