Orange hindi lohardaga live

बिहार चुनाव का बिगुल बजा, दो चरणों में होगा मतदान, 14 नवंबर को मतगणना

By Team Lohardaga live

Election
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते

राज्य के इतिहास में पहली बार सिर्फ दो चरणों में संपन्न होगा विधानसभा चुनाव, 7.43 करोड़ मतदाता करेंगे अपने अधिकार का प्रयोग

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का आखिरकार ऐलान हो गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि इस बार का चुनाव राज्य के इतिहास में खास होगा, क्योंकि पहली बार सिर्फ दो चरणों में मतदान कराया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। वहीं वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि चुनाव आयोग ने इस बार मतदान प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और मतदाताओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से कई सुधार लागू किए हैं। “बिहार में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया पूरी की गई है और 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।

उन्होंने बताया कि बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में 203 सामान्य, 38 अनुसूचित जाति (SC) और 2 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं।

इस बार कुल मतदाताओं की संख्या 7.43 करोड़ है, जिनमें 14 लाख नए मतदाता (फर्स्ट टाइम वोटर्स) शामिल हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए हर मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे, जिससे मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ेगी।

हर पोलिंग स्टेशन पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि अधिकारी मतदान प्रक्रिया पर रियल टाइम निगरानी रख सकें।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि बिहार में इस बार का चुनाव न केवल शांतिपूर्ण हो बल्कि पूरी तरह पारदर्शी और मतदाताओं के लिए सुविधाजनक भी साबित हो।