Orange hindi lohardaga live

कुड़ू के जरियों पुल के पास हाइवा की चपेट में आई बाइक, दो युवकों की मौत

By Team orangehindi

Accident
कुड़ू के जरियों पुल के पास हाइवा की चपेट में आई बाइक, दो युवकों की मौत

जितिया मनाने ओडिशा से घर आया था जगेश, छह-आठ महीने पहले हुई थी दोनों की शादी; हिंडाल्को से मुआवजा और आश्रितों को रोजगार देने की मांग

लोहरदगा। कुड़ू थाना क्षेत्र के जरियों पुल के पास हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुबांग बड़की चांपी निवासी जगेश मुंडा (24) और बजरंग मुंडा (22) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त थे। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से कुजरा बाजार गए थे। वहां से घर लौटने के दौरान जरियों पुल के समीप तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बजरंग मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जगेश को लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

जगेश मुंडा ओडिशा में ड्राइवर का काम करता था। वह जितिया पर्व मनाने घर आया था। उसकी शादी आठ महीने पहले बालूमाथ के बरीखाप में हुई थी। वहीं, बजरंग गांव में खेती-बाड़ी करता था। उसकी शादी छह महीने पहले रांची के मुरगू में हुई थी। दोनों युवकों की असमय मौत से उनकी पत्नियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिंडाल्को से मुआवजे और रोजगार की मांग

घटना की सूचना पर सांसद सुखदेव भगत के प्रतिनिधि साजिद अहमद चंगू, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव के प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज और पवन तिग्गा समेत कई जनप्रतिनिधि व समाजसेवी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी और हरसंभव सहायता दिलाने की बात कही।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज ने हिंडाल्को कंपनी और लोडिंग-अनलोडिंग का काम देखने वाली बीकेबी कंपनी से दोनों मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और रोजगार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि हाइवा के लगातार परिचालन से क्षेत्र की सड़कें जर्जर हो रही हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने कंपनियों से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से फरार हाइवा चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन की तलाश में जुटी है।

और पढ़ें