नई दिल्ली में बिरसा मुंडा फुटबॉल टूर्नामेंट की जर्सी लॉन्च
By Team orangehindi


आदिवासी गौरव, युवा शक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देता है आयोजन : धीरज प्रसाद साहू
नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में आयोजित बिरसा मुंडा फुटबॉल टूर्नामेंट की जर्सी लॉन्चिंग सेरेमनी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू शामिल हुए। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, आयोजकों और खेलप्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
जर्सी लॉन्चिंग कार्यक्रम में धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देता है। बिरसा मुंडा के नाम पर आयोजित यह टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिवासी गौरव, युवा शक्ति और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी एवं पिछड़े समाज के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर अवसर, संसाधन और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
साहू ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि युवा अपने प्रदर्शन के माध्यम से परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
जर्सी लॉन्चिंग के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचु, आशीष पांडये समेत टूर्नामेंट के आयोजक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।