भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का फूंका पुतला
By Team Lohardaga live

सरकार पर लगाया पुलिसिया दमन और भ्रष्टाचार का आरोप
लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंककर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन जिला अध्यक्ष मनीर उरांव के नेतृत्व में पावरगंज चौक पर किया गया।
पुतला दहन के बाद जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि हेमंत सरकार हर बार जनता की आवाज से डरकर पुलिस को आगे कर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाईबासा में अपने हक और सुरक्षा की शांतिपूर्ण मांग कर रहे आदिवासी ग्रामीणों पर सरकार के इशारे पर पुलिसिया दमन किया गया, जो सरकार की जनविरोधी सोच को दर्शाता है।
मनीर उरांव ने कहा कि राज्य की भ्रष्ट व्यवस्था ने झारखंड के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ किया है। उन्होंने गंभीर रोग से पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने की घटना को शर्मनाक बताया और कहा कि मात्र दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा यह दिखाती है कि सरकार ने जनता को गूंगा और बहरा मान लिया है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और झामुमो विपक्ष में रहते संविधान की रक्षा की बातें करते थे, लेकिन आज उनकी ही सरकार में जनता के संवैधानिक और मौलिक अधिकारों शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा का हनन हो रहा है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार पंकज, अनिल उरांव, पशुपति नाथ पारस, जगनंदन पौराणिक, मीना बाखला, सामेला भगत, लक्ष्मी नारायण भगत, प्रभा शर्मा, सचिन सिंघानिया, शंकर प्रजापति, नीरज कुमार, संजीव उरांव, अमित बैठा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
