Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में भाजपा ने मनाया वीर बाल दिवस, साहिबज़ादों के बलिदान को किया नमन

By Team Lohardaga live

political
शांति आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि

गुरुकुल शांति आश्रम परिसर में आयोजित कार्यक्रम, पूर्व विधायक हरिकृष्णा सिंह रहे मुख्य वक्ता

लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी लोहरदगा जिला इकाई की ओर से गुरुवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर गुरुकुल शांति आश्रम परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने की। जबकि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्णा सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरु गोबिंद सिंह जी के वीर साहिबज़ादों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा वंदेमातरम् गीत के साथ की गई।

मुख्य वक्ता हरिकृष्णा सिंह ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबज़ादों, विशेष रूप से छोटे साहिबज़ादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अद्भुत साहस और बलिदान की स्मृति कराता है। उन्होंने कहा कि साहिबज़ादों का जीवन साहस, सत्य, नैतिकता, आत्मसम्मान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता न करना, अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े रहना और बड़े उद्देश्य के लिए व्यक्तिगत सुख-समृद्धि का त्याग करना आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि उम्र नहीं, बल्कि विचार और संकल्प महान कार्यों की शक्ति होते हैं। सच्चरित्रता, अनुशासन और करुणा के माध्यम से ही समाज और राष्ट्र का चरित्र निर्माण संभव है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि वीर बालकों के जीवन से हमें अपनी धर्म और संस्कृति के प्रति सदैव सजग और अडिग रहने की प्रेरणा मिलती है। धर्म आक्रांताओं से भयभीत होकर अपने विचारों से विमुख होना व्यक्तित्व के क्षय के समान है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश प्रसाद, कार्यक्रम संयोजक नवीन कुमार टिंकू, सहसंयोजक अनिल उरांव, शरदचंद्र आर्य, मिथुन तमेड़ा, बालकृष्णा सिंह, पशुपति नाथ पारस, जगनंदन पौराणिक, विनोद कुमार राय, राजकुमार वर्मा, लक्ष्मी नारायण भगत, संगिता कुमारी, विवेक चौहान, विजय खत्री, नेहा देवी, दीपक साहू सहित आश्रम के बाल आचार्य एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।