Orange hindi lohardaga live

मिशन चौक हादसे पर भाजपा ने जताया शोक, जर्जर बॉक्साइट ट्रकों के परिचालन पर उठाए सवाल

By Team Lohardaga live

General

परिवहन विभाग पर लापरवाही का आरोप, अनफिट वाहनों पर तत्काल रोक और कड़ी कार्रवाई की मांग

लोहरदगा। शहर के मिशन चौक पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर भारतीय जनता पार्टी, लोहरदगा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी के जिला महामंत्री पशुपतिनाथ पारस ने दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।

उन्होंने कहा कि जिले में परिवहन सुरक्षा व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय बन गई है। उनका आरोप है कि जर्जर एवं अनफिट बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन आम लोगों की जान के लिए लगातार खतरा साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों को काफी पहले ही सड़कों से हटा दिया जाना चाहिए था, उन्हीं वाहनों से आज भी बॉक्साइट की ढुलाई कराई जा रही है, जो परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पशुपतिनाथ पारस ने कहा कि जिले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में तकनीकी रूप से खराब स्थिति वाले ट्रक सड़कों पर चल रहे हैं। कई वाहन अन्य राज्यों से लाकर झारखंड में पंजीकृत किए गए हैं और उनका उपयोग बॉक्साइट परिवहन में किया जा रहा है, जबकि उनकी फिटनेस और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर संदेह है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बॉक्साइट ट्रकों से जुड़े कई दर्दनाक सड़क हादसे सामने आए हैं, जिनमें लोगों की जान गई है और कई परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी है। इसके बावजूद प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

भाजपा ने मांग की है कि जिले में संचालित सभी बॉक्साइट परिवहन वाहनों की विशेष जांच कराई जाए, जर्जर एवं अनफिट वाहनों का परिचालन तत्काल बंद किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पार्टी ने जिला प्रशासन से सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी एवं स्थायी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।