Orange hindi lohardaga live

हेमंत सरकार पर बरसी भाजपा, रोजगार और स्थानीय अधिकारों को लेकर निकाली आक्रोश रैली

By Team orangehindi

General
हेमंत सरकार पर बरसी भाजपा, रोजगार और स्थानीय अधिकारों को लेकर निकाली आक्रोश रैली
हेमंत सरकार पर बरसी भाजपा, रोजगार और स्थानीय अधिकारों को लेकर निकाली आक्रोश रैली

उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना देकर राज्य सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल, युवाओं के हित में आंदोलन तेज करने का ऐलान

लोहरदगा। झारखंडी युवाओं के रोजगार और स्थानीय अधिकारों के मुद्दे को लेकर जिला भाजपा ने बुधवार को लोहरदगा में आक्रोश रैली निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। टाउन हॉल से निकली रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली उपायुक्त कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए झारखंड के छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा की मांग की।

रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने रोजगार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार से जुड़े मामलों में झारखंडी युवाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सरकार से छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा तथा रोजगार प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। छात्रों के आंदोलनों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य में खनिज और बालू के दोहन को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा आम जनता और झारखंडी युवाओं के अधिकारों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कांग्रेस और राजद पर झारखंड के हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राकृतिक संपदा, संस्कृति और स्थानीय हितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने रोजगार के सवाल पर शिक्षित युवाओं के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।

जिला भाजपा अध्यक्ष अजय पंकज ने रैली के उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रदेश मंत्री मनीर उरांव, प्रदेश किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु, महामंत्री पशुपति नाथ पारस, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव और सरिता देवी समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं और छात्रों के अधिकारों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन आदिवासी नेता पवन तिग्गा ने किया। रैली के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए कई लोगों के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की जानकारी पार्टी की ओर से दी गई। भाजपा के अनुसार भंडरा प्रखंड से विनोद उरांव, मानव उरांव, मारू उरांव, प्रदीप महतो, धर्मेंद्र उरांव, सत्यनारायण महतो, कुलदीप उरांव, शुकरा उरांव, प्रकाश उरांव, सोमरा उरांव, मंजन उरांव, राजेंद्र उरांव, सुभाष उरांव, मंगलेश्वर उरांव, बुद्धेश्वर उरांव और बंधन उरांव सहित अन्य लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।

वहीं लोहरदगा नगर क्षेत्र से स्नेहा देवी, संध्या देवी, सहौद्री देवी, निधि देवी, आशा कच्छप, अनीता उरांव और मंजू उरांव के भाजपा में शामिल होने की बात पार्टी ने कही।

और पढ़ें