नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, अनिल उरांव के समर्थन में अरुण उरांव का संवाद
By Team Lohardaga live

हेमंत सरकार पर आदिवासी-मूलवासी को ठगने का आरोप, विकास के मुद्दे पर घेरा
लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। लोहरदगा नगर परिषद के भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अनिल उरांव के समर्थन में झारखंड भाजपा के प्रवक्ता अरुण उरांव लोहरदगा पहुंचे और मतदाताओं से सीधा संवाद किया। साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील की।
संवाद के दौरान अरुण उरांव ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर आदिवासी और मूलवासी समाज को ठगने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी हितों की बात तो करती है, लेकिन धरातल पर विकास कार्य ठप हैं। विशेषकर आदिवासी बहुल इलाकों और शहरी क्षेत्रों में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है।
शहरी विकास को लेकर सरकार पर हमला
प्रेस वार्ता में अरुण उरांव ने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष का दायित्व शहर का समग्र विकास करना होता है, लेकिन पूर्व के कार्यकाल में लोहरदगा शहर को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और क्लीन सिटी जैसे मुद्दों पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बार लोहरदगा की तस्वीर बदलने के उद्देश्य से युवा, साफ छवि और ईमानदार व्यक्ति अनिल उरांव को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे भाजपा समर्थित उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि शहर में विकास को नई रफ्तार मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार आदिवासी और मूलवासी के नाम पर राजनीति कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास नहीं हुआ है। लोहरदगा शहर की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। नगर परिषद अध्यक्ष का काम शहर को बेहतर बनाना है, लेकिन यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया गया। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार एक युवा और ईमानदार प्रत्याशी अनिल उरांव को मैदान में उतारा है। मैं लोहरदगा की जनता से अपील करता हूं कि वे भाजपा समर्थित उम्मीदवार को वोट देकर विजयी बनाएं और शहर के विकास में भागीदार बनें।
