सदर अस्पताल परिसर में भाजपा ने दिया धरना
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। चाईबासा में थैलेसिमिया से पीड़ित बच्चों को कथित तौर पर एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने के प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। इसी सिलसिले में लोहरदगा जिला कमिटी द्वारा जिला अध्यक्ष मनीर उरांव के नेतृत्व में सदर अस्पताल में एक दिवसीय धरना व आक्रोश प्रदर्शन किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है, ऐसे मामले में पूरी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने प्रदर्शन स्थल पर कहा कि बच्चों के जीवन से जुड़ी ऐसी घटना अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए इस पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में भारी लापरवाही स्पष्ट दिख रही है, इसे लेकर भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस प्रकरण पर आक्रोश है, और ऐसी लापरवाही दोबारा न हो इसके लिए सख्त कदम आवश्यक हैं।
