लोहरदगा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिहार में एनडीए की जीत पर मनाया जश्न
By Team Lohardaga live

पावरगंज चौक में आतिशबाज़ी, गुलाल और मिठाइयों के साथ कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
लोहरदगा। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी जीत के बाद शुक्रवार को पावरगंज चौक में भारतीय जनता पार्टी लोहरदगा जिला इकाई की ओर से उत्सवपूर्ण माहौल में जश्न मनाया गया। जिला अध्यक्ष मनीर उरांव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाज़ी की, एक-दूसरे को गुलाल लगाया और मिठाइयाँ बांटकर खुशी का इज़हार किया।
जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि बिहार की जनता ने इस चुनाव में विकास को चुनते हुए एनडीए के प्रति विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से एनडीए शासन में जो परिवर्तन और प्रगति बिहार ने देखी है, जनता ने उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए जनादेश दिया है। उन्होंने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भ्रम फैलाने और झूठे आरोप लगाने वालों के पास अब कहने को कुछ नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करके एक-दो बार सत्ता हासिल की जा सकती है, लेकिन विकास की गाड़ी को जनता लंबे समय तक उसी नेतृत्व के हाथों में सौंपती है, जिसने निरंतर कार्य किया हो। बिहार के मतदाताओं ने इस चुनाव में यही संदेश दिया है।
कार्यक्रम में अजय कुमार पंकज, अनिल उरांव, सरिता देवी, पशुपति नाथ पारस, देवाशीष कार, राजकुमार वर्मा, मिथुन तमेड़ा, लक्ष्मी नारायण भगत, पवन तिग्गा, सचिन सिंघानिया, सामेला भगत, सरस्वती देवी, बृजनंदन यादव, अनुप वर्मा, नीरज गुप्ता, अशोक कास्यकार, सुरेश लोहरा, शंकर प्रजापति, प्रमोद प्रजापति सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
