Orange hindi lohardaga live

नगर निकाय चुनाव की मांग को लेकर भाजपा का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

By Team Lohardaga live

political
धरना प्रदर्शन में उपस्थित भाजपाई

दलीय आधार पर ईवीएम से अविलंब चुनाव कराने की उठी मांग

लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी जिला लोहरदगा की ओर से मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव उपस्थित रहे।

धरना प्रदर्शन के पश्चात नगर परिषद लोहरदगा के कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किंडो के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन जिला अध्यक्ष मनीर उरांव के नेतृत्व में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, ओमप्रकाश सिंह एवं राकेश प्रसाद की उपस्थिति में दिया गया।

ज्ञापन में दो वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर ईवीएम के माध्यम से अविलंब कराने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि पिछले दो वर्षों से राज्य में नगर निकाय चुनाव लंबित हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकायों की स्थिति बदतर हो गई है। पदाधिकारियों की मनमानी से आम जनता परेशान है और बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2018 में रघुवर सरकार के कार्यकाल में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर ईवीएम के माध्यम से कराए गए थे। आरोप लगाया गया कि पिछले छह वर्षों से राज्य की वर्तमान सरकार को जनभावनाओं से कोई सरोकार नहीं है। पंचायत चुनाव में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट के नाम पर नगर निकाय चुनाव टालने का आरोप भी लगाया गया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि न्यायालय के दबाव में ट्रिपल टेस्ट पूरा होने के बावजूद सरकार नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर नहीं कराना चाहती और ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की योजना बना रही है। जबकि देश डिजिटल व्यवस्था और तकनीक आधारित चुनाव प्रक्रिया को बढ़ावा दे रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ती है और भ्रष्टाचार पर रोक लगती है।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं होने से केंद्र सरकार से मिलने वाले करोड़ों रुपये के अनुदान से राज्य वंचित हो रहा है। भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार संभावित हार के डर से चुनाव को टाल रही है और बैलेट पेपर के जरिए भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना चाहती है।

भाजपा ने मांग की कि राज्य सरकार अविलंब नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर ईवीएम से कराने की अनुशंसा करे, ताकि अनुभवी कार्यकर्ताओं की सहभागिता से नगरों का विकास हो सके।

धरना प्रदर्शन को ओमप्रकाश सिंह, राकेश प्रसाद, अजय कुमार पंकज, चंदन गोयल, सामेला भगत, पवन तिग्गा, अनिल उरांव, अमरेश भारती सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। मंच संचालन पशुपति नाथ पारस ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवीन कुमार टिंकू ने किया।

कार्यक्रम में हर्षनाथ महतो, त्रिवेणी दास, बालकृष्ण सिंह, अजातशत्रु, जगनंदन पौराणिक, मिथुन तमेड़ा, मीना बाखला, संखिया कुमारी, राजकुमार वर्मा, विवेक चौहान, राजकुमार मुंडा, रामकुमार पहान, अशोक साहू, बाल्मीकि कुमार, सरजू साहू, कलावती देवी, लक्ष्मी नारायण भगत, सरस्वती देवी, शंकर प्रजापति, रिंकू वर्मा, विक्की कुमार, प्रदीप खत्री सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।