Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में कांग्रेस का काला दिवस, वोट की कथित चोरी के खिलाफ निकाला विरोध मार्च

By Team orangehindi

political
लोहरदगा में कांग्रेस का काला दिवस, वोट की कथित चोरी के खिलाफ निकाला विरोध मार्च
लोहरदगा में कांग्रेस का काला दिवस, वोट की कथित चोरी के खिलाफ निकाला विरोध मार्च

जिला अध्यक्ष सुखैर भगत के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन, मतदाता सूची की स्वतंत्र जांच की उठाई मांग

लोहरदगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शनिवार को लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष सुखैर भगत के नेतृत्व में काला दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन में शामिल महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की।

कार्यक्रम की शुरुआत शहर के मैना बगीचा स्थित वीर बुद्धू भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला, जो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष पहुंचा। यहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा का संकल्प जताया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। गरीब-अमीर, किसान-मजदूर और सभी वर्गों को संविधान ने समान मताधिकार दिया है। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का हवाला देते हुए कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा दें और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा का सवाल किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के वोट का समान महत्व है और चुनावी व्यवस्था पर जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जिसकी जवाबदेही संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में कथित राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, प्रखंड पदाधिकारियों, पंचायत अध्यक्षों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान ‘वोट की चोरी बंद करो, लोकतंत्र की रक्षा करो’, ‘निर्वाचन आयोग जवाब दो’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए गए।

और पढ़ें