नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत हुआ कंबल वितरण
By Team Lohardaga live

पुलिस–जन समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से जरूरतमंदों को दी गई सहायता
लोहरदगा। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों से बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व किस्को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेदांत शंकर ने किया।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत किस्को के तिसिया फुटबॉल मैदान तथा जोबांग थाना परिसर में बढ़ती ठंड को देखते हुए गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस पहल से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर, किस्को थाना प्रभारी मानस कुमार साधू एवं जोबांग थाना प्रभारी सुमन मिंज मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर एसडीपीओ वेदांत शंकर ने कहा कि लोहरदगा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोहरदगा पुलिस जिलेवासियों को बेहतर और संवेदनशील पुलिसिंग देने के लिए सदैव तत्पर है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस के प्रति सकारात्मक संदेश जाए और आपसी विश्वास मजबूत हो।
