भंडरा प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन
By Team Lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत ने किया उद्घाटन, 27 स्टालों का किया निरीक्षण
लोहरदगा। भंडरा प्रखंड मुख्यालय में आज प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इससे पूर्व प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी ने सांसद को सम्मानित किया।
स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। स्वास्थ्य मेला जैसे आयोजनों से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं, जिससे आमजन को काफी सुविधा मिलती है।
स्टालों का भ्रमण, वृद्धों के बीच कंबल वितरण
कार्यक्रम के पश्चात सांसद ने स्वास्थ्य मेला परिसर में लगाए गए कुल 27 स्वास्थ्य स्टालों का भ्रमण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों के बीच कंबल का वितरण भी किया।
प्रखंड अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
स्वास्थ्य मेला के क्रम में सांसद ने प्रखंड अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
मौके पर सिविल सर्जन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रदेश स्तरीय स्वास्थ्य चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख, उप प्रमुख, सांसद प्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के मुखिया सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
