30 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, 5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
By Team Lohardaga live

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा, उपायुक्त ने समयबद्ध तरीके से गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन के दिए निर्देश
लोहरदगा। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। मतदाता अथवा परिवार का कोई वयस्क सदस्य प्रपत्र भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापस करेगा। इसके बाद बीएलओ मोबाइल एप के माध्यम से प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन करेंगे। इसी प्रक्रिया के आधार पर 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी जाएंगी। एक प्रति भरकर बीएलओ को लौटानी होगी, जबकि दूसरी प्रति प्राप्ति रसीद के साथ मतदाता के पास रहेगी। गणना चरण के दौरान बीएलओ किसी भी प्रकार के दस्तावेज संग्रहित नहीं करेंगे। यदि किसी घर में ताला मिलता है तो बीएलओ तीन बार पुनः भ्रमण कर प्रपत्र प्राप्त करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। साथ ही सभी प्रखंडों में वॉलंटियर तैनात किए गए हैं, जो प्रपत्र भरने में मतदाताओं की सहायता करेंगे। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता निर्वाचन कार्यालय, संबंधित बीएलओ अथवा हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गणना कार्य के दौरान अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) तथा डुप्लीकेट (Duplicate) मतदाताओं की सूची भी तैयार की जाए और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उसे संबंधित राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा किया जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। अन्य मामलों में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-सत्यापित प्रति प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई का अवसर दिए मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा तथा प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को अपील का अधिकार प्राप्त रहेगा।
बैठक में बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई तक गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण, 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां तथा 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक सोशल मीडिया पर #JharkhandSIR अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ एप के माध्यम से गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन एवं अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं का भी प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बीडीओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
