जिला परिषद की बैठक में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर मंथन, विभागों को दिए गए आवश्यक निर्देश
By Team Lohardaga live

नल-जल योजना, सड़क, नाली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुरक्षा समेत कई मुद्दे उठे; लंबित योजनाओं में तेजी लाने पर जोर
लोहरदगा। जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला परिषद सभागार में जिला परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा से हुई। लंबित योजनाओं एवं मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। किस्को प्रखंड के भड़गांव, चांपी और बेड़ा टोली में अधूरी पड़ी हर घर नल-जल योजना को जल्द पूरा करने, सड़क और नाली निर्माण कार्यों में तेजी लाने, खराब चापाकलों की मरम्मत कराने तथा प्रत्येक प्रखंड में पुस्तकालयों को पुनः संचालित करने की मांग की गई। वहीं नंदलाल प्लस टू विद्यालय, अरू में अंग्रेजी शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया।
बैठक में धार्मिक स्थलों, श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों तक पहुंच मार्गों के विकास, हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों से गुजरने वाली सड़कों पर सोलर लाइट लगाने, गाय शेड निर्माण, बेटहट से पेशरार मार्ग तथा बक्सीडीपा से मिशन चौक तक नाली निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। बारिश के दौरान सड़क किनारे और विद्यालय परिसरों में जलजमाव की समस्या तथा उससे होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सदस्यों ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। साथ ही पुल एवं सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि गलत खातों में स्थानांतरित होने की शिकायतों की जांच कर सुधार करने, सदर अस्पताल में रात्रिकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ करने, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक शत-प्रतिशत उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, जिला परिषद उपाध्यक्ष विनोद उरांव, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद, जिला परिषद सदस्य रीना कुमारी, संदीप कुमार, गंगोत्री देवी, रूबी कुमारी, राजमनी देवी, सभी प्रखंड प्रमुख तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
