कैरो में दुर्गोत्सव की तैयारियों पर मंथन, केंद्रीय समिति ने पूजा समिति से किया समन्वय
By Team orangehindi

पंडाल, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर हुई चर्चा
कैरो (लोहरदगा)। दुर्गापूजा के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, लोहरदगा की ओर से पूजा समितियों के साथ बैठक एवं समन्वय का दौर जारी है। इसी क्रम में केंद्रीय समिति के महामंत्री कुणाल वर्मा ने कैरो स्थित मां अंबे दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में पूजा पंडाल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, सजावट, स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा पूजा कार्यक्रमों के सुचारू संचालन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। कुणाल वर्मा ने कहा कि दुर्गोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पर्व है। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समितियों के साथ स्थानीय लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन आयोजित होने वाली कलश यात्रा में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की।
मां अंबे दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष शैलेश साहू ने कहा कि केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के मार्गदर्शन में इस वर्ष कैरो में भव्य दुर्गोत्सव आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
बैठक में अंकित सोनी, सुमन सोनी, भोला साहू, अंकित साहू, अमित गुप्ता, अनमोल कुमार, उज्ज्वल कुमार, निशांत पांडे, विष्णु कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।