Orange hindi lohardaga live

हरमू रोड में सीमेंट कारोबारी की दुकान पर चली गोली, लेवी की धमकी के बाद बढ़ी दहशत

By Pritam

Crime
हरमू रोड में सीमेंट कारोबारी की दुकान पर चली गोली, लेवी की धमकी के बाद बढ़ी दहशत

दो दिन पहले व्हाट्सएप पर मांगी गई थी लेवी, शनिवार सुबह दुकान के शटर पर मिले गोली के निशान, पुलिस जांच में जुटी

लोहरदगा। लेवी की धमकी के बाद अपराधियों ने अब फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की है। लोहरदगा के हरमू रोड स्थित सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा की दुकान को निशाना बनाकर शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने गोली चलाई। घटना के बाद शहर के व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले राजेंद्र वर्मा को व्हाट्सएप के जरिए राहुल सिंह गिरोह के नाम से लेवी देने की धमकी मिली थी। संदेश में रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। कारोबारी ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस से की थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।

इसी बीच शुक्रवार की रात अपराधियों ने उनकी दुकान पर फायरिंग कर दी। शनिवार सुबह जब राजेंद्र वर्मा दुकान खोलने पहुंचे तो शटर पर गोली के निशान देखकर हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि रात में गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने शहर में गश्त बढ़ा दी थी। हालांकि, उस समय कारोबारी और उनके परिवार को घटना की जानकारी नहीं थी।

लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

लेवी की धमकी और उसके बाद दुकान पर हुई फायरिंग ने शहर के कारोबारियों के बीच चिंता पैदा कर दी है। अब व्यवसायियों की नजर पुलिस की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

और पढ़ें