मुर्गा लेकर घर लौट रहे व्यवसायी की सड़क हादसे में मौत
By Team Lohardaga live
कुडू-कैरो मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पुलिस जांच में जुटी
लोहरदगा। जिले के कुडू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कुडू-कैरो मुख्य मार्ग स्थित जिंगी के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मुर्गी व्यवसायी की जान चली गई।
मृतक की पहचान कैरो प्रखंड के गुड़ी बागी गांव निवासी सजन अंसारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सजन अंसारी कुडू से देसी मुर्गा खरीदकर मोटरसाइकिल से अपने घर कैरो लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सजन अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।