जंगली हाथियों के आतंक से सहमा कैरो क्षेत्र, कई गांवों में मचाया उत्पात
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। कैरो थाना क्षेत्र के कई गांवों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों के आने से दहशत का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार रात सढ़ाबे पंचायत के डुमरटोली गांव में हाथियों के झुंड ने ग्रामीण रामदेव उरांव के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथी आगे बढ़ते हुए चाल्हो गांव पहुँच गए।
गांव में हाथियों के आने की खबर मिलते ही ग्रामीण जान-माल की सुरक्षा के लिए अपने परिवार के साथ गांव से बाहर निकल गए। हाथियों का झुंड इसके बाद खरता राजबांध की ओर बढ़ गया, जहाँ उन्होंने किसानों के खेतों में लगी धान की फसल को भी नुकसान पहुँचाया।
बीती रात खरता गांव के ग्रामीण मशाल, टॉर्च और लाठी-डंडे लेकर बांध की ओर निकले। ग्रामीणों का कहना है कि यह कदम वे इसलिए उठाते हैं ताकि हाथी अगर गांव की ओर आएं तो समय रहते उन्हें भगाया जा सके और गांव के बाकी परिवार सुरक्षित रह सकें।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हाथियों के आने की जानकारी कई दिनों से विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक लाइट या निगरानी की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। इस कारण उन्हें रातभर जागकर गांव की निगरानी करनी पड़ती है।