लोहरदगा प्रीमियर लीग के सेमीफाइनल मुकाबले में कैरो काइनेटिक की जीत
By Teem Lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने

लोहरदगा। लोहरदगा जिला फुटबॉल संघ के तत्वाधान में आयोजित लोहरदगा प्रीमियर लीग का सातवां दिन रोमांच से भरा रहा। आज खेले गए प्रथम सेमीफाइनल मुकाबले में भंडरा बुल्स का सामना कैरो काइनेटिक से हुआ, जबकि दूसरा सेमीफाइनल टाउन टाइटन और कुड़ु नाइट्स के बीच खेला गया।
पहले सेमीफाइनल मैच के मुख्य अतिथि लोहरदगा बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद और विशिष्ट अतिथि रांची विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स विभाग के एचओडी श्री अभय सागर मिंज थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर कहा कि लोहरदगा में पहली बार इस तरह का भव्य आयोजन हुआ है, जिसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भाग लिया है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को सीखने और अपने भविष्य को निखारने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने सांसद सुखदेव भगत के इस प्रयास की सराहना की और सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए सांसद सुखदेव भगत भी मौके पर उपस्थित हुए।
पहले सेमीफाइनल मैच में कैरो काइनेटिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भंडरा बुल्स को 1–0 से पराजित किया। इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच कैरो काइनेटिक के खिलाड़ी डिकिटे अदामा (जर्सी नंबर 11) चुने गए। लोहरदगा प्रीमियर लीग के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ द्वारा प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच को 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
टूर्नामेंट में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं जिनमें प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपये नगद एवं ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 1 लाख 50 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी, तृतीय और चतुर्थ पुरस्कार 50-50 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी। मैन ऑफ द सीरीज को शानदार हीरो मोटरसाइकिल और ट्रॉफी, राइजिंग स्टार लोहरदगा को भी हीरो मोटरसाइकिल और ट्रॉफी, जबकि टॉप गोल स्कोरर को एप्पल मोबाइल से सम्मानित किया जाएगा।
दूसरे सेमीफाइनल मैच के मुख्य अतिथि गुमला सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी थे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में आयोजन समिति के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ, शाश्वत सिद्धार्थ, रऊफ अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, साजिद अहमद चंगू, आलोक कुमार साहू, कुणाल अभिषेक, राजीव कुमार, वारिस कुरैशी, रितेश सिंह, गुलाम जिलानी, विजय चौहान, मुजम्मिल अंसारी, राधेश्याम साहू, नंदकिशोर शुक्ला, शामिद अंसारी, लाल विकास शाहदेव, इस्लाम अंसारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।
लोहरदगा प्रीमियर लीग के इन रोमांचक मुकाबलों ने स्थानीय खेल संस्कृति में नई ऊर्जा का संचार किया है और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
