मसमानो पंचायत में कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम, छात्रों को मिला भविष्य का मार्गदर्शन
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। भंडरा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मसमानो में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंचायत स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भंडरा प्रखंड की प्रभारी कार्यक्रम पदाधिकारी वीणा कुमारी ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में कक्षा 9, 10, 11, 12 के अलावा स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैरियर काउंसिलिंग सत्र के दौरान विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार से जुड़ी संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
छात्रों को रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने की सलाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी कल्याण पदाधिकारी वीणा कुमारी ने कहा कि सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं। ऐसे में कैरियर काउंसिलिंग जैसे कार्यक्रम छात्रों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुसार करियर का चयन करने की सलाह दी।
उन्होंने सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास योजनाओं और स्वरोजगार से संबंधित जानकारियां भी साझा कीं। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर विशेष जोर दिया। छात्रों को आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्रों के सवालों का किया गया समाधान
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने करियर से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समाधान वीणा कुमारी द्वारा सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से किया गया। इससे छात्रों को अपने भविष्य को लेकर स्पष्टता मिली और उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ।
अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई प्रसन्नता
कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को भी बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त होता है। कार्यक्रम के अंत में पंचायत प्रतिनिधियों ने ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पंचायत स्तर पर ज्ञान केंद्र स्थापित किया गया है तथा प्रखंड स्तर पर सेंट्रल लाइब्रेरी भी उपलब्ध है, जहां विद्यार्थी समय पर पहुंचकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।
मौके पर ग्राम प्रधान सुकरा पाहन, मुखिया ममता कुमारी, पंचायत सचिव अजय उरांव, पंचायत सहायक बबलू उरांव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
