लोहरदगा में 1 मई से शुरू होगी जनगणना 2027, दो चरणों में पूरा होगा कार्य
By Team Lohardaga live

स्व-गणना की सुविधा पहली बार, आमजनों से सहयोग की अपील
लोहरदगा। भारत की जनगणना 2027 को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश की जनगणना विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में शामिल है और इसकी समृद्ध परंपरा के कारण इसे विश्व की श्रेष्ठ जनगणनाओं में गिना जाता है।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के आंकड़े सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए आधार बनते हैं। यह जनगणना वर्ष 1872 से 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद 8वीं जनगणना होगी।
दो चरणों में होगा आयोजन
जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं हाउसिंग सेंसस का कार्य होगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।
पहले चरण में हाउस-लिस्टिंग
पहले चरण के तहत 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी। इस दौरान नागरिक स्वयं अपना विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके बाद 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
दूसरे चरण में जनसंख्या गणना
दूसरे चरण में 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना (पॉपुलेशन इन्यूमरेशन) का कार्य किया जाएगा।
डिजिटल माध्यम से जुटेगी जानकारी
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी। प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इसके लिए सरकार द्वारा 33 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं।
स्व-गणना से मिलेगा लाभ
उपायुक्त ने बताया कि स्व-गणना की सुविधा से नागरिक पहले ही अपना डेटा भर सकेंगे, जिसे प्रगणक सत्यापित करेंगे। इससे समय की बचत होगी और डेटा की शुद्धता बढ़ेगी।
लोहरदगा में तैयारियां पूरी
जिले में जनगणना के लिए 8 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 7 ग्रामीण और 1 शहरी क्षेत्र शामिल है।
ग्रामीण क्षेत्र के 353 राजस्व ग्रामों में 785 प्रगणक ब्लॉक बनाए गए हैं, जबकि शहरी क्षेत्र के 23 वार्डों में 96 इकाइयों के साथ कुल 881 प्रगणक ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं।
जिले में कुल 912 प्रगणक, 160 पर्यवेक्षक और 15 फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति की गई है। सभी प्रगणकों का प्रशिक्षण 27 अप्रैल से शुरू होकर 9 मई 2026 तक चलेगा। साथ ही सभी प्रगणक ब्लॉकों का जियो-टैगिंग और डिमार्केशन कार्य पूरा कर लिया गया है।
आमजनों से सहयोग की अपील
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं, स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, डीसीएलआर सुजाता कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
