Orange hindi lohardaga live

झामुमो जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन में शामिल हुए केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे

By Team Lohardaga live

political
A

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और जनगणना व एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए गए निर्देश

लोहरदगा। जिले के नया नगर भवन में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अहमद की अगुवाई में बाइक रैली निकालकर उनका जोरदार स्वागत किया गया। पारंपरिक तरीके से माला पहनाकर अभिनंदन किया।

जनगणना और संभावित एसआईआर को लेकर हुई चर्चा

जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन में वर्तमान में चल रही जनगणना प्रक्रिया और संभावित एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को आवश्यक जानकारी दी गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लोगों तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दें तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य करें।

बूथ कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : विनोद कुमार पांडे

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार का नेतृत्व कर रही है और पार्टी राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है। ऐसे में पार्टी की जिम्मेदारी और दायित्व भी सबसे अधिक हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत होता है और संगठन की मजबूती बूथ से ही तय होती है।

उन्होंने कहा, “झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य में बड़ी पार्टी के रूप में कार्य कर रही है। हमारी जिम्मेदारी सबसे अधिक है। हमें संगठन को और मजबूत करना है तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है।”

आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से गंभीरता से काम करने की अपील

सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने की अपील की। जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अहमद ने कहा कि लोहरदगा में संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर लगातार कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सम्मेलन को संगठनात्मक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों और राजनीतिक गतिविधियों के लिए तैयार करने का प्रयास किया गया।