Orange hindi lohardaga live

दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर केंद्रीय पूजा समिति ने धीरज प्रसाद साहू से की मुलाकात

By Team orangehindi

General
दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर केंद्रीय पूजा समिति ने धीरज प्रसाद साहू से की मुलाकात

महालया पर निकलेगी भव्य कलश यात्रा, विजयादशमी पर रावण दहन के साथ होगा लंका दहन

लोहरदगा। दुर्गा पूजा को लेकर लोहरदगा में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष पूजा आयोजन को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़कर भव्य रूप देने की तैयारी में जुटी है। महालया पर भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि पूजा के दौरान रामलीला समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विजयादशमी पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ लंका दहन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

आयोजन की तैयारियों को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश साहू के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से मुलाकात की। इस दौरान समिति की ओर से उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

समिति अध्यक्ष रमेश साहू ने महालया से विजयादशमी तक होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महालया पर कलश यात्रा के अलावा पूजा के विभिन्न दिनों में रामलीला एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। विजयादशमी पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार लंका दहन का विशेष आयोजन भी प्रस्तावित है।

इस मौके पर धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का पर्व है। उन्होंने समिति के आयोजन की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूजा संपन्न होने की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूजा में भव्यता के साथ सांस्कृतिक विविधता का भी संगम देखने को मिलेगा।

मुलाकात में कार्यकारी अध्यक्ष कौशिक राज मेहता, नितेश प्रजापति, महामंत्री रितेश कुमार उर्फ कुणाल, सह महामंत्री हिमांशु, उज्जवल, नीरज, कोषाध्यक्ष बसंत साहू, सह कोषाध्यक्ष विक्की महतो, संरक्षक कंवलजीत सिंह, निशीथ जायसवाल, उदय गुप्ता, सुमित राय उर्फ डब्लू, गोलू सिंह, मिथलेश वर्मा, निकुंज, रोहित साहू, विक्की, मनीष, लड्डू समेत अन्य सदस्य मौजूद थे। समिति के अनुसार, आगामी बैठकों में पूजा से जुड़ी व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

और पढ़ें