दुर्गापुर स्टील प्लांट का केंद्रीय इस्पात परामर्शदात्री समिति ने लिया जायजा
By Team Lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत ने स्थानीय युवाओं के रोजगार और श्रमिक सुरक्षा पर दिया जोर
लोहरदगा। देश के इस्पात क्षेत्र को अधिक सशक्त बनाने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और संयंत्रों के आधुनिकीकरण की दिशा में केंद्रीय इस्पात परामर्शदात्री समिति ने पश्चिम बंगाल स्थित दुर्गापुर स्टील प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी और केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीनिवास वर्मा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
समिति के सदस्यों ने प्लांट की उत्पादन इकाइयों और विभिन्न विभागों का भ्रमण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अधिकारियों ने इस्पात उत्पादन, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, बुनियादी ढांचे और भविष्य की योजनाओं से समिति को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा और श्रमिक कल्याण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
सांसद सुखदेव भगत ने प्लांट के अधिकारियों से उत्पादन क्षमता, आधुनिकीकरण और रोजगार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि देश के औद्योगिक विकास में सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात संयंत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्लांट के विस्तार और आधुनिकीकरण के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
सांसद ने श्रमिकों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास ऐसा हो, जिसमें उत्पादन बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों को उसका प्रत्यक्ष लाभ मिले।
केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने नई और आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए उत्पादन लागत में कमी और इस्पात की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की बात कही। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीनिवास वर्मा ने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में इस्पात क्षेत्र की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में प्लांट के आधुनिकीकरण, उत्पादन क्षमता, बुनियादी ढांचे और श्रमिक कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। समिति ने संयंत्र की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। मौके पर प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
